Apna Mat

World Hindi Day: आज विश्व हिंदी दिवस, जानिए महत्व

world hindi day
विश्व हिंदी दिवस
World Hindi Day: आज विश्व हिंदी दिवस है। यानि प्रति वर्ष 10 जनवरी को विश्व हिंदी दिवस मनाया जाता है। यह न सिर्फ भारत बल्कि कई देशों में मनाया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ इसके महत्व को विश्व स्तर पर पहचान दिलाना है। इस दिन विशेष तौर पर हिन्दी में व्याख्यान आयोजित किया जाता है।
बता दें कि विश्व में हिन्दी भाषा को प्रसार करने के उद्देश्य से विश्व हिन्दी सम्मेलनों की शुरुआत की गई थी। इसी क्रम में प्रथम विश्व हिन्दी सम्मेलन 10 जनवरी 1974 को नागपुर में आयोजित किया गया था। तब से इस दिन को विश्व हिन्दी दिवस के रूप में मनाया जाता है, जो उस वैश्विक संदर्भ का प्रतीक है, जहां इस भाषा ने अपनी एक अलग पहचान बनाई है।
हिंदी विशेष रूप से भारत के साथ-साथ दुनिया भर में बोली जाने वाली प्रमुख भाषाओं में से एक है। यह न केवल भारतीय उपमहाद्वीप में बल्कि फिजी, मॉरीशस, सूरीनाम, त्रिनिदाद और टोबैगो, गुयाना और नेपाल जैसे देशों में भी बोली और समझी जाती है। इसके अलावा, प्रवासी भारतीयों के माध्यम से हिंदी भाषा ने अमेरिका, कनाडा, यूरोप और अन्य कई देशों में भी अपनी एक जगह बनाई है।
हिंदी अपनी साहित्यिक रचनाओं के लिए भी प्रसिद्ध है। मध्य काल से लेकर आधुनिक युग तक हिंदी साहित्य ने अनेक महान कवियों, लेखकों, नाटककारों और विचारकों को जन्म दिया है। समय-समय पर कई रचनाकारों ने हिंदी साहित्य को समृद्ध किया है। भारतीय सिनेमा विशेषकर बॉलीवुड ने हिंदी भाषा को वैश्विक मंच पर पहचान दिलाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बॉलीवुड की फिल्में और गीत विश्व भर के लोगों के बीच लोकप्रिय है।
डिजिटल युग में हिंदी भाषा का प्रसार और भी बढ़ गया है। इंटरनेट, सोशल मीडिया, ब्लॉगिंग, और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफार्मों पर हिंदी की उपस्थिति बढ़ी है। इसके अलावा हिंदी भाषा को तकनीकी उन्नति के साथ जोड़ने के लिए विभिन्न अनुप्रयोग और सॉफ्टवेयर विकसित किये गये हैं। वहीं विभिन्न देशों में हिंदी भाषा के पाठ्यक्रम और शोध कार्यक्रम उपलब्ध हैं। ये कार्यक्रम हिंदी भाषा और साहित्य को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *